More posts are coming on this blog. Stay tuned. Thanks for visit.

Wednesday, 28 June 2017

मानसिक विकार एवं सत्वावजय चिकित्सा (stress management)

                                        
एक नियत उर्जा के साथ उत्पन्न सृष्टि में अनादी काल तक उर्जा के परिमाण में कोई परिवर्तन नहीं हो सकता है. ये प्रकृति का सिद्धान्त है. उर्जा का रूपांतरण मात्र इस संसार में संभव है. हमारे आकाश गंगा में उर्जा के प्रवाह का प्रमुख श्रोत सूर्य है. इसी सूर्य की जीवनसंगत उर्जा ने पृथ्वी पे हम मनुष्यों की उत्पत्ति में महत्वपूर्ण योगदान दिया है. प्रकृति के सिद्धान्त के अनुसार इस प्रकृति में किसी भी अनावश्यक तत्व का सृजन नहीं होता है, क्योंकि प्रकृति उर्जा के छोटे से छोटे अंश को भी व्यर्थ नहीं करती है. जल की एक बूंद भी गिरते समय अपना रूप गोलाकार मात्र उर्जा को बचाने के लिए करती है.
                           वर्तमान काल में मनुष्यों ने धरती पर अपनी संख्या की अतिवृद्धि कर तथा दुसरे उर्जा धारको को नष्ट कर उर्जा के अधिकांश भाग का अधिग्रहण कर लिया है. प्रकृति के सिद्धान्त के अनुसार किसी तत्व की स्थिरता उसके द्वारा अधिग्रहित उर्जा की अपेक्षा करता है अर्थात अल्प उर्जा का अधिग्रहण उसकी अधिकतम स्थिरता सुनिश्चित करता है. मनुष्यों ने प्रकृति के उर्जा से संचालित अधिकांश सृजन को अनावश्यक जानकर नष्ट कर दिया है तथा उन उर्जाओं का अधिग्रहण स्वयं कर लिया है जिससे इंसानों की स्थिरता का क्षय हुआ है. इंसानों में इन उर्जाओं का अधिष्ठान उनका पंचभौतिक शरीर है.
शरीर द्वारा अधिग्रहित ये अतिरिक्त उर्जा आयुर्वेद द्वारा निर्देशित उर्जा प्राप्ति के मार्गों के विरुद्ध मार्गों द्वारा प्राप्त हो रहा है. ऐसी उर्जा शरीर के सारे अवयवों को अस्थिर कर देती है. अतिरिक्त उर्जाओं का वहन करने से तथा विरुद्ध मार्गो से उर्जाओं के प्रवाह से अवयवों को अतिरिक्त तथा अप्राकृतिक रूप से कार्य करना पड़ता है.
प्रकृति के सिद्धान्तों के उल्लंघन ने प्रकृति में हो रहे उर्जा के वितरण को विषम कर दिया है. वैज्ञानिक रूप से जीवन को इन्ही उर्जाओं का शरीर द्वारा पुरुषार्थ लक्षित प्रवाह भी कहा जा सकता है. इन विषम प्रवाह ने शरीर के युगोपरांत अर्जित दीर्घायु जीवन को लक्षित शरीर के समस्त कार्यशैली को विकृत कर दिया है.
इसी विकृति को रोग कहा जाता है. रोगों का अधिष्ठान मन एवं शरीर है. शरीर में रोगों में उत्पादक कारण त्रिदोषों के विषम होना है तथा विषम त्रिदोषों के कारणों के तीन भेद हैं.

  •        निज 
  •       अगन्तुज
  •        मानस
मन के विकृति से उत्पन्न रोग मानस रोग कहलाता है.
मन वह है जो चिंतन तथा मनन करे. मनन तथा चिंतन मनुष्य की विशिष्ट पहचान है. मन आत्मा तथा शरीर के अनुबंध से ही अपने विषयों को प्राप्त करता है.
त्रिदोषों का संक्षिप्त वर्णन मैंने पूर्व के पोस्ट में किया है.
मन द्वारा चिंतित विषय भी गुर्वादी गुण युक्त होते हैं. ये तर्कसंगत कथन है.
चिंतन अभ्यास से मन द्वारा चिंतित विषयों के ये गुण शरीर में पहले से व्याप्त इन्ही गुणों की वृद्धि कर देते हैं. ये वृद्ध गुण इन्ही गुणों को धारण करने वाले दोषों को वृद्ध कर देते है. ये वृद्ध दोष पुरे शरीर में परिभ्रमण करते हुए शरीर के उन धातुओं में अपना स्थान बना लेते हैं जो मिथ्या आहार विहार से पूर्व में ही दुर्बल हो चुके रहते हैं. इस प्रकार दोष और दुष्य के मिल जाने पर रोग अपने लक्षणों साथ शरीर में स्थापित हो जाते हैं, और शरीर रोगी हो जाता है.
इस लेख का प्रारंभ मैंने उर्जा के प्रवाह से इसलिए किया है ताकि मैं मन के विचारों का रोगों की उत्पत्ति में प्रबल कारण सिद्ध कर सकूँ. इस उर्जा को अति सरल भाषा में ऐसे समझा जा सकता है जैसे वायु से भरे गुब्बारे को खोलते ही उसकी वायु तेजी से निकलती है. अर्थात गुबारे में वायु को दबाव यानि अतिरिक्त उर्जा दे करके भरा गया था जो गुब्बारे के अन्दर जा कर के अस्थिर हो गयी, पुनः निकलने का मार्ग मिलते ही वह वायु अपनी अतिरिक्त उर्जा का त्याग करके वातावरण में पूर्वावस्था को प्राप्त कर लेती है. यदि वायु गुब्बारे में अपेक्षाकृत अधिक स्थिर रहती तो वो वापस बाहर नहीं आती.
                           ठीक इसी प्रकार मनुष्य भी अधिक संख्या में एक ही स्थान पे एकत्रित हो कर के उन स्थानों का भी अतिक्रमण कर लिए हैं जिन पे प्रकृति ने उर्जा के नियमित प्रवाह के लिए अन्य तत्वों का सृजन किया था. अंतर्मनुष्य स्थान के कम होने से आपसी अभिक्रिया बढ़ रही है, अर्थ प्राप्ति के लिए मानसिक श्रम की बढ़ी भागीदारी तथा क्षुद्र मार्गों के प्रयोग ने मनुष्यों के गतिज उर्जा या काइनेटिक उर्जा को बढाया है. मनुष्यों के अतिरिक्त जो जीवित प्राणी उर्जाओं का वहन कर रहे हैं उनमे इन उर्जाओं के प्रवाह का नियंत्रण उनकी सहज वृत्ति से होता है क्योंकि इन जीवों में चिंतन-मनन करने वाला मन नहीं होता है. वहीं मनुष्यों में मन नामक अतिरिक्त उभयेंद्रिय होता है जो मनुष्यों में उर्जा प्रवाह के नियंत्रण में सहजवृत्ति की तुलना में अत्यधिक प्रभावी तथा प्रबल होता है. मनुष्यों द्वारा अल्प समय में अत्यधिक उर्जा के अधिग्रहण से मन को अपनी क्षमता से अधिक तथा अनियत कार्य अर्थात विषयों का ग्रहण करना पड़ रहा है जो उतनी ही तेजी से उन विषयों के गुणों से समानता रखने वाले दोषों को प्रकुपित कर रहे हैं.

त्रिदोष तथा उन्हें प्रकुपित करने वाले विचार-

 * वात को प्रकुपित करने वाले मानसिक विषय- मनुष्यों द्वारा चिंतित(कल्पित) किये गए वैसे विषयों जिनमे मनुष्य भविष्यत काल में किसी वस्तु को प्राप्त करने की योजना बनाता है, हरवक्त नए मार्गों की तालाश करता है, भ्रमण करता है, मैथुन करता है, आकाश में उड़ता है, अँधेरे में रहता है, शीतल वस्तुओं को आस पास देखता है आदि से शरीर में वात को प्रकुपित करता है.

 * पित्त को प्रकुपित करने वाले मानसिक विषय- मनुष्यों द्वारा ऐसे विषयों का चिंतन(कल्पना) जिसमे वह किसी से प्रतिशोध लेता है, अपमानित करता है या होता है, अग्नि को अपने आस पास देखता है, पीले वस्त्रों में मनुष्यों को देखता है, जानवरों द्वारा दांत से काटा जाता है, क्रोधित होता है आदि से पित्त प्रकुपित होता है.

 * कफ को प्रकुपित करने वाले मानसिक विषय- मनुष्यों द्वारा चिंतन(कल्पना) किये गए विषय जैसे इक्षित वस्तु स्वयं मनुष्य के पास आती है, मनुष्य जलाशयों को देखता है, मनुष्य मधुर खाद्य पदार्थो को खाता है, मनुष्य स्वयं को मोटा देखता है, बिना श्रम के अर्थप्राप्ति करता है आदि शरीर में कफ को प्रकुपित करता है.

मानसिक विचारों से त्रिदोष प्रकोप शारीरिक कारणों की अपेक्षा अधिक प्रबल तथा तीव्र होती है.

चिकित्सा- आयुर्वेद में मानसिक रोगों में बुद्धि, धैर्य तथा स्वयं का ज्ञान ये तीन औषध से चिकित्सा करने का निर्देश है.
मानसिक चिकित्सा में सत्वावजय चिकित्सा को प्रधान माना गया है.
सत्वावजय अर्थात ऐसी चिकित्सा जिसमे रोगी के मन को रोग उत्पन्न करने वाले विषय के चिंतन से निषिद्ध किया जाता है.
आज के परिवेश में मानसिक रोगों को उत्पन्न करने वाले विचारों को अलग नहीं किया जा सकता है क्योंकि ये विषय इस परिवेश के पूरक हो गए हैं. परन्तु विषय से निरोध को यदि छोटे छोटे भागों में विभक्त कर दिया जाये और इस प्रक्रिया में रोगी के ही प्रकृति का प्रयोग किया जाय तो ये अत्यधिक प्रभावशाली और चिर स्थाई परिणाम देता है.
हर मनुष्य अपनी शारीरिक बनावट के साथ प्रवृत्ति भी विरासत में प्राप्त करता है. इस प्रवृत्ति के अतिरिक्त बाल्यावस्था में अपने देश, काल के अनुसार उसका झुकाव अन्य प्रवृत्ति के तरफ भी हो सकता है. इन प्रवृत्ति में जो अधिक बलवान होता है वो मनुष्य की आजीवन प्रवृत्ति होती है. अपनी प्रवृत्ति के अनुसार मनुष्य को उसी प्रवृत्ति वाले कार्य सदैव प्रिय होते हैं.
मानसिक विकारों से ग्रस्त मनुष्य जो सत्वावजय चिकित्सा का लाभ लेना चाहते हैं वो अपने बाल्यावस्था को पुनः समरण करे तथा एक ऐसा साध्य कार्य लक्षित करे जो उन्हें प्रिय हो. जिनमे वो रम सके.
जैसा की मैं पूर्व में कह चूका हूँ ये सत्वावजय यदि छोटे छोटे खंडो में किया जाय तो ये अधिक प्रभावी तथा चिरकालीन होगा. इन कार्यों में प्रवृत होने का छोटे छोटे खण्डों में समय सारणी तैयार करे.
इन कार्यों में रत होने से मस्तिस्क को इसका अभ्यास होने लगता है और इसप्रकार रोगोत्पादक चिंतन में अनियमितता आने से इन विचारों का त्रिदोषों पे प्रभाव समाप्त होने लगता है.

Graph of Stress level based on study on  beta wave

इस प्रकार सत्वावजय चिकित्सा से मानसिक तनाव एवं विकारों में लाभ लिया जा सकता है. जिन ऊर्जाओं का अधिग्रहण हमने कर रखा है उसे आज के परिपेक्ष में कम करना तो संभव नहीं है, परन्तु मन को इन ऊर्जाओं के नियंत्रण के कार्य से छोटे छोटे अंतराल के लिए विमुक्त कर हम सुखायु को प्राप्त कर सकते हैं.

देखिये  किस प्रकार मैं सत्वावजय चिकित्सा का लाभ लेता हूँ