More posts are coming on this blog. Stay tuned. Thanks for visit.

Thursday, 15 June 2017

आयुर्वेदीय त्रिदोष सिद्धान्त- संक्षिप्त परिचय



त्रिदोष सिद्धान्त आयुर्वेद का मौलिक सिद्धान्त है. मौलिक अर्थात इस सिद्धान्त के बिना आयुर्वेदीय चिकित्सा निरर्थक है. वात, पित्त तथा कफ को त्रिदोष की संज्ञा दी गयी है. त्रिदोष शब्द रूढ़ है. सम अवस्था में ये शरीर का धारण तथा सम्यक सञ्चालन करते हैं. इस सिद्धान्त की स्थापना लोक तथा पुरुष की साम्यता के आधार पे की गयी है. जिस प्रकार लोक को अनिल, सूर्य, तथा सोम ये तीनों धारण तथा संचालित करते हैं उसी प्रकार उनके प्रतिनिधि वात, पित्त तथा कफ शरीर को उनके सधर्मी गुणों से धारण तथा संचालित करते हैं. त्रिदोषों का प्रत्यक्षीकरण नहीं हो सकता है अपितु इनके कर्मो से इनके मात्रा, स्थान संश्रय तथा विकृति आदि का ज्ञान संभव हो पाता है. त्रिदोष सिद्धान्त इनको इन्ही रूपों में निर्विवाद रूप से स्वीकार करता है.
आयुर्वेद चिकित्सा सूत्र इन्ही तीनों के विषम होने को रोगों के उत्पत्ति में कारण बताया है, तथा युक्ति पूर्वक इनको सम कर देने को चिकित्सा बताया है.
इन तीनों के अपने विशिष्ट गुण तथा कर्म होते हैं. प्रकृति में 20 गुर्वादी गुण हैं, जिसमे 10 गुण बाकी  के 10 गुणों के विरोधी होते हैं. इन्ही गुणों से युक्त त्रिदोष एक दुसरे के पूरक होते हुए शरीरस्थ जीवन समर्थक गुणों में सामंजस्य स्थापित करते हैं अर्थात शरीर में गति, पाक तथा क्लेद का सम अनुपात स्थापित करते हैं.
वात, पित्त तथा कफ शरीर के धातुओं से पृथक कोई अन्य पदार्थ नहीं होते हैं अपितु शरीर को धारण करने वाले धातुओं का ही वह अंश जो वायु, सूर्य तथा सोम का प्रतिनिधित्व करते हुए उनके सधर्मी कर्मो को सम्पादित करते हैं वें ही वात, पित्त तथा कफ की संज्ञा प्राप्त करते हैं.
जिस प्रकार कपड़े से उनके रेशों को पृथक कर देने से कपड़े का अस्तित्व ही समाप्त हो जाता है, उसी प्रकार शरिरस्त त्रिदोषो अथवा धातुओं को अलग करने के प्रयास में जीवन ही समाप्त हो जाता है.

ये त्रिदोष सम अवस्था में शरीर के सारे कार्यों का प्रकृति अनुरूप संपादन करते हैं, परन्तु प्रज्ञापराध, परिणाम, असात्मेंद्रिय संयोग के कारण जब ये विषम हो जाते हैं तब उसी विषम अनुपात में उनके गुण भी विषम होकर शरीर में अपने लक्षणों का प्रदर्शन करते हैं जो अंततः संप्राप्ति को प्राप्त कर रोग उत्पन्न कर देते हैं.
हमारे देश के महर्षियों ने अपने शरीर को ही प्रयोगशाला बना कर तथा प्रकृति के विषम परिस्थितिओं में कठिन तपोबल से इस त्रिदोष सिद्धान्त की स्थापना की.
महर्षियों ने वात, पित्त तथा कफ का अतिसूक्ष्म अध्ययन कर इनके गुणों तथा प्राकृत वैकृत कर्मो का विश्लेषण कर पाने में सफलता प्राप्त की जो चिकित्सा का आधार बना. जिस प्रकार एक घड़े में आधा जल हो और उसमे दुबारा से जल ही डालने पे घड़े में जल की मात्रा बढ़ जाती है तथा उसमे से यदि जल निकाल लिया जाये तो घड़े का जल कम हो जाता है. ठीक उसी प्रकार किसी दोष के गुणों के सधर्मी गुणों वाला आहार विहार उन गुणों को शरीर में बढ़ा देता है और उस दोष की वृद्धि हो जाती है और विपरीत गुणों के सधर्मी गुणों वाला आहार विहार उस दोष का क्षय करता है.
तीनों दोषों में वात ही बाकी के दोनों दोषों को शरीर में भ्रमण कराता है.


मिथ्या आहार विहार तथा उपरोक्त कारणों से प्रकुपित दोष संपर्क के धातुओं को दूषित कर देता है जिससे वे धातुवें अपना कार्य करने में असक्षम हो जाते हैं, और शरीर को रोग होने का अनुभव होने लगता है.

चरक अनुसार दोष-

* वात- शरीर की समस्त चेष्टाएँ वात के अधीन है. शरीर में तथा शरीर द्वारा सम्पादित प्रत्येक विस्थापन लक्षित कार्य वात के द्वारा होता है.

 वात के गुण हैं- रुक्ष, शीत, लघु, सूक्ष्म, चल, विशद और खर.

 वात के कर्म- उत्साह, उत्श्वांस, नि:श्वास, चेष्टा, धातुगति, समोमोक्ष. 

 वात के स्थान- पक्वाशय, कटी, सक्थि, श्रोतस, अस्थि, स्पर्शेन्द्रिय.

* पित्त- शरीर में संताप पित्त के अधीन है. शरीर में सम्पादित समस्त पाक कर्म, पूय निर्माण आदि पित्त के द्वारा होता है.


 पित्त के गुण हैं- सस्नेह, उष्ण, तीक्ष्ण, सर, अम्ल, द्रव तथा कटु.

 पित्त के कर्म- दर्शन, पाचन, ऊष्मा, क्षुत, तृष्णा, कोमलता, प्रभा, प्रसाद, मेधा.

 पित्त के स्थान- नाभि, आमाशय, स्वेद, लसिका, रुधिर, रस, चक्षु, त्वचा.

* कफ- शरीर में क्लेद, क्लिन्नता आप्यायन कफ के अधीन है.

 कफ के गुण- गुरु, शीत, मृदु, स्निग्ध, मधुर, स्थिर तथा पिच्छिल.

 कफ के कर्म- स्नेह, बंधन, स्थिर, गौरव, पौरुष, बल, क्षमा, धृति, लोभ. 

 कफ के स्थान- उरः, कंठ, शिर, क्लोम, पर्व, आमाशय, मेड, घ्राण, जिह्वा.