More posts are coming on this blog. Stay tuned. Thanks for visit.

Monday, 12 June 2017

आयुर्वेदिक सिद्धान्त- प्राकृतिक मौलिक सिद्धान्त



अध्ययन के शुरुआत से ही हम सभी सिद्धान्त शब्द सुनते आये हैं. सिद्धान्त अर्थात किसी विषय से जुड़ा हुआ वह निर्णय जो अनेक हेतुओं और परीक्षाओं के द्वारा परीक्षित कर स्थापित किया गया हो.
सिद्धान्त विषय की अपेक्षा करता है और विषय मनुष्य की अपेक्षा करता है. सिद्धान्त असीमित है परन्तु मनुष्य अपने मानसिक शक्ति के अनुरूप ही किसी विषय से जुड़े सिद्धान्तों का ज्ञान कर पाता है. मात्र कुछ गणनीय सिद्धान्तों के ज्ञान के आधार पर ही मनुष्य यहाँ तक का सफ़र तय किया है.
मनुष्य को जिस विषय में जिज्ञासा रहती है वो उसी विषय को जानने की लालसा तथा उससे अपनी स्वार्थ की पूर्ति हेतु सिद्धान्त की स्थापना करता है.

मेरे विचार से उत्पत्ति भेद से सिद्धान्त के दो भेद होने चाहिए,
  1.  प्राकृतिक - जिसके अधीन सारी सांसारिक क्रियायों का समन्वय हो जाता है. इसकी उत्पत्ति प्रकृति द्वारा होती है. मनुष्य इसकी स्थापना मात्र अपनी विषय प्राप्ति की सुगमता के लिए करते हैं.
  2. मानव निर्मित - इसके अंतर्गत कंप्यूटर के प्रोग्राम्स तथा सॉफ्टवेर आने चाहिए.


मेरे द्वारा इतनी भूमिका बनाने का उद्देश्य आपको सिद्धान्त समझाना नहीं बल्कि इस संसार में मनुष्यों के विषय तथा स्वार्थ के बदल जाने पर मनुष्यों द्वारा मौलिक सिद्धान्त की अवहेलना के परिणाम से अवगत कराना है.
मेरा शुरू से प्रकृति के सूक्ष्म सिद्धान्तों के प्रति आकर्षण रहा है और 2014 में मेरी माता जी की इक्षा से दयानंद आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज में नामांकन के बाद ये आकर्षण और प्रबल हो गया.
मैं एक चित्रकार भी हूँ. मैं 12 वर्ष की उम्र से ही पेंटिंग स्केचिंग करता आ रहा हूँ और प्रकृति के प्रति इस रुझान के लिए अपने कलाकार व्यक्तित्व को ही जिम्मेदार मानता हूँ.
मेरे इस लेख का उद्देश्य आयुर्वेदिक सिद्धान्त तथा चिकित्सा से इतर इसका हमारे सामाजिक जीवन में महत्व पर प्रकाश डालना है.
ये पूरा संसार सैधांतिक है. सिद्धान्तों पे ही पूरा संसार टिका है. गहन अध्ययन तथा अपने शरीर को ही प्रयोगशाला बना कर भारत के ऋषियों ने तपोबल से मौलिक सिद्धान्तों की स्थापना की. ये सिद्धान्त पूरी तरह से आप्त हैं. अर्थात अनेक तर्कों, प्रमाणों तथा परीक्षाओं से इनको प्रमाणित किया गया है.
जिस प्रकार अग्नि उष्ण होती है इसपर कोई संदेह नहीं है उसी प्रकार वेदों में लिखे आप्त वचनों पे कोई संदेह नहीं करना चाहिए.
वेदों से ही आयुर्वेद की उत्पत्ति हुई है. आयुर्वेद अर्थात ऐसा विज्ञान जो पूरी तरह से उस स्तम्भ को समर्पित है जिसके बिना ये सांसारिक सुखप्राप्ति, विषयज्ञान तथा पुरुषार्थ संभव नहीं है. स्तम्भ अर्थात “आयु”. जन्म से मृत्युपर्यंत अवधि आयु है. यदि आयु न हो तो मनुष्य का कोई अस्तित्व नहीं होगा और मनुष्य नहीं होगा तो विषयों का चिंतन भी नहीं होगा और ये पूरा संसार निर्जीव की संज्ञा प्राप्त करेगा.

आयुर्वेद का विषय है आयु की रक्षा तथा उस आयु की कामना जो सुखकर तथा हितकर हो. इन लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए महर्षियों ने मौलिक सिद्धान्तों की स्थापना की. ये मौलिक सिद्धान्त रोगी मनुष्य को रोगमुक्त करने तथा स्वस्थ को स्वस्थ रखने की विवेचना तो करता ही है साथ ही एक आदर्श, धार्मिक आयु का आधार भी तैयार करता है. आयुर्वेद में पुरुष स्त्री के आदर्श चरित्र का उल्लेख है. जिस नारी के श्रोणि में नए जीव का सृजन होता है उनकी पवित्रता तथा आचरण का सूक्ष्म चिंतन आयुर्वेद ने किया है. आयुर्वेद ने लोभ, ईर्ष्या द्वेष, शोक, भय, क्रोध, अभिमान, निर्लज़्ज़ता, अभिध्या के वेगों को रोकने का निर्देश दिया है. हित आयु की प्राप्ति के लिए मन, वाणी तथा शरीर से किये जाने वाले निन्दित कर्मो से बचने का निर्देश भी आयुर्वेद ने दिया है. आयुर्वेद में मात्र शरीर नहीं अपितु मन और वाणी के शुद्धिकरण का सूक्ष्म चिंतन किया गया है. ये सभी चिंतन पूर्णतः सैद्धांतिक हैं. शरीर को धारण करने वाले वात, पित्त तथा कफ जिसे दोष कहा गया है इनकी विषम अनुपात मनुष्य के चिंतन को भी प्रभावित करती है तथा विकृत चिंतन वाले पुरुष पुरे समाज को प्रभावित करता है. सिद्धांतो से समृद्ध आयुर्वेद इस प्रकार मात्र एक प्राणी को रोगमुक्त नहीं अपितु पुरे समाज को रोगमुक्त और सदाचारी बनाने का प्रयोजन रखता है.

इस लेख के आरम्भ से ही मैं अनगिनत बार सिद्धान्त शब्द प्रयोग किया हूँ. इतना परिश्रम मैंने केवल एक वाक्य को अत्यधिक महत्वपूर्ण बनाने के लिए किया हूँ.

वो ये है की-
  आयुर्वेद के सारे मौलिक सिद्धान्त पूरी तरह से प्रकृति के सिद्धान्तों से साम्यता रखते हैं.    
यही वजह है की आयुर्वेद को अनादि और शाश्वत कहा जाता है. आयुर्वेद ब्रह्माण्ड के सारे मूर्तिमान भावों को जीवित शरीर में उपस्थित मानता है.
जिस प्रकार इस ब्रह्माण्ड को सूर्य, सोम तथा अनिल क्रमशः अपनी ऊष्मा, शीतलता तथा चल भाव से धारण किया है उसी प्रकार आयुर्वेद शरीर में पित्त, कफ तथा वात को इनका प्रतिनिधि माना है. आयुर्वेद ने शरीर को 41 गुणों, 20 गुर्वादि गुणों, 6 रसों, 7 धातुवों, 13 अग्नि, 3 महागुण, 5 महाभूतों से तथा असंख्य श्रोतसों से मिलकर बना हुआ माना है.
आयुर्वेद में धार्मिक जीवन जीने का उपदेश है जिसमे ये स्पष्ट कहा गया है की संसार के सारे प्राणी सुख की कामना करते हैं, परन्तु सुख प्राप्ति का मार्ग ऐसा होना चाहिए जिससे दुसरे प्राणियों को दुःख न हो. आयुर्वेद ने अधर्म को, वात पित्त कफ के वैषम्य को, प्रज्ञापराध, परिणाम तथा असात्मेंद्रिय संयोग को रोग का कारण बताया है.
चिकित्सा सूत्र में युक्ति पूर्वक वैषम्य वात पित्त कफ को सम करने का निर्देश दिया है. आयुर्वेद संसार के सारे रोगों को साध्यता असाध्यता अनुसार संकलित किया है.

अब मैं अपने लेख के विषय पर आता हूँ. मैं सिद्धान्त शब्द से भरे इस लेख में मात्र प्रकृति के एक सिद्धान्त का उल्लेख करूँगा जो इस लेख का मूल है.

  “सूर्य का उदय पूरब से होकर अस्त पश्चिम में होता है.”   

जितना उपरोक्त तथ्य सत्य है उतना ही ये भी सत्य है की मनुष्य जाति भी प्रारंभ से ही पूरब से पश्चिम की तरफ आकृष्ट होती आई है. ये मनुष्य का स्वभाव है क्योंकि इस सैधांतिक संसार में हमारा शरीर, शरिरस्त पुरुष, तथा सारे अवयव भी उन्ही सिद्धान्तों का अनुसरण करते है जिन्हें सारे मूर्तिमान भाव करते हैं.

पश्चिमी सभ्यता हमारे समाज को इतना निर्लज बनाते जा रहा है कि कुछ वर्ग की स्त्रीयां तो अतिचरणा होने को सौभाग्य समझने लगी है, श्रोणि को आनंद प्राप्ति का मार्ग समझने लगी है और इनसे उपजे नए जीव इसको ही परंपरा समझ के इसको ऊंचाई के बुलंदी पे पहुँचा रहे हैं. अब भारत वर्ष की सांस्कारिक परंपरा, धर्म, मर्यादित आचरण का पतन हो रहा है. आयुर्वेद द्वारा स्थापित सिद्धांतों की अवहेलना हो रही है. पश्चिम की ओर दौड़ने की गति इतनी चरम पे पहुँच गयी है कि स्वयं के शरीर के लिए उचित अनुचित आहार विहार के ज्ञान का भी विभ्रंश हो चुका है. यही मिथ्या आहार विहार शारीरिक असक्षमताओं और मानसिक विकृतियों को जन्म दे रहा है तथा पश्चिमीकरण में उत्प्रेरक का कार्य कर रहा है. इसी प्रकार आधुनिक चिकित्सा पद्धति ने भी हमारे पुरे समाज को मानसिक और शारीरिक क्षति पहुँचाया है. मैं इस तथ्य का पक्षधर हूँ की ये आधुनिक रासायनिक तत्व हमारे संस्कारों और मती का नाश करता है. आज से करीब दो साल पहले मैं एक अनुसन्धान पत्र पढ़ा जिसने इस तथ्य की पुष्टि की कुछ सूक्ष्म जीव अपने रासायनिक प्रभाव से अपने द्वारा संक्रमित जीव के मस्तिष्क को नियंत्रित कर लेता है. (Click to read that research article.) आज हम चिकित्सा सिद्धांतो से अनभिज्ञ होकर जिस प्रकार से आँख खुलने से लेकर बिस्तर पे जाने तक असयंमित आधुनिक रसायनों का प्रयोग कर रहे हैं उनका नतीजा प्रत्यक्ष देखा जा सकता है. ये रसायन हमारे चिकित्सा सिद्धांतो के विपरीत कार्य करती है. आप स्वयं इस तथ्य के प्रत्यक्षदर्शी हैं समय के कुछ अंतराल पे ही आपको इन रसायनो को बदलने की तथा दूसरे अत्यधिक विनाशकारी रसायन के प्रयोग के लिए बाध्य होना पड़ता है. वहीँ आयुर्वेद के औषध आदि से अंत तक रोग नाश की प्रकृति नहीं त्यागते, क्योंकि ये प्रकृति के मौलिक सिद्धांतो पे कार्य करते हैं. इनसब के बावजूद मैं ये लेख किसी की मानसिकता परिवर्तन के लिए नहीं लिख रहा हूँ क्योंकि संसार की हर एक क्रिया पूर्वनिर्धारित होती है और अच्छे के लिए होती है. ये भी एक सिद्धांत ही है.

वेदों में कहा गया है की अपने सारे शुभाशुभ कर्मो का फल हमें भुगतना ही होता है. लेकिन मैं इस आप्त वचन को वर्तमान परिपेक्ष में इस तरह समझता हूँ-

 इस संसार में हर तत्व द्वारा हर क्षण अपने द्वारा सम्पादित हर कर्म की कीमत इस प्रकृति को चुकानी होती है.  
ये गहन विचार का विषय है. मैं अपना बहुत सा समय विविध कर्मों तथा उनकी कीमतों पे विचार कर व्यतीत करता हूँ. यदि इन कर्मो तथा इनकी कीमतों का विचार हर मनुष्य करने लगे तो इसे कलयुग की समाप्ति मान लेनी चाहिए.
लेकिन आज इस गति से पश्चिम की ओर जाने की प्रवृति से कुछ प्रश्न हम आयुर्वेदिक चिकित्सक में स्वभावतः उठता है.
  1.  क्या ऐसे लोगो द्वारा धर्म की अवहेलना करने पे आयुर्वेदिक चिकित्सक वर्ग को इनका परित्याग कर देना चाहिए? 
  2. क्या आयुर्वेदिक चिकित्सक वर्ग को चिकित्सा कर्म ही छोड़ देना चाहिए?
  3. क्या आयुर्वेदिक चिकित्सक वर्ग को पाश्चात्य चिकित्सा कर्म शुरु कर देना चाहिए?
  4. क्या आयुर्वेदिक चिकित्सकों को पश्चिमी सभ्यता का विरोध करना चाहिए?
मैं इन स्पष्ट शब्दों से अपने लेख को समाप्त करता हूँ की जो सिद्धान्त ये कहता है की सूर्य पूरब से उदय होकर पश्चिम में अस्त होता है वही सिद्धान्त ये भी कहता है की अस्त होने के कुछ प्रहर पश्चात वही सूर्य पुनः पूरब में उगने को तैयार रहता है. हम आयुर्वेदिक चिकित्सक वर्ग को धैर्य से काम लेना होगा. यही दुनिया होगी यही लोग होंगे और यही चिकित्सा शास्त्र होगा, लोग पुनः हमारे चिकित्सा सिद्धान्तों को अपनाएंगे, हमारे देश की महिलाये पुनः पारंपरिक वस्त्रों से,लज्जा से, मर्यादा से अलंकृत होंगी और वो समय शीघ्र आने वाला है. खोंखली, निराधार और असैद्धांतिक सभ्यता से मोहभंग होकर और अपने  सिद्धांतों का स्मरण कर फिर से पूरब लौट के आये लोग ही मानव सभ्यता को आगे बढ़ाएंगे और अपनी मानव सभ्यता को पुनः हितायु सुखायु प्रदान करने का सौभाग्य हम आयुर्वेदिक चिकित्सको को मिलने वाला है. ये मेरा दावा है.

अगले पोस्ट में मैं प्रकृति से साम्यता रखने वाले प्रत्येक आयुर्वेदिक चिकित्सा सिद्धांतो का पृथक पृथक उल्लेख करूँगा.
आपको मेरे विचार कैसे लगे ये कमेंट बॉक्स में जरूर लिखे तथा सब्सक्राइब करना न भूले.
                                                                                                                                                 धन्यवाद।